Monday, February 17, 2014

3 फुट के दूल्हे को मिली दुल्हन



छत्तीसगढ़ के भिलाई में 3 फुट 3 इंच के जितेंद्र को अपने कद की जीवन संगिनी आखिरकार मिल ही गई। होशंगाबाद की 31 साल की भारती अब उनकी पत्नी हैं और उनका कद 3 फुट है। इस अंतर्जातीय विवाह के लिए दोनों के परिवार वालों के बीच सहमति बनी और ये दोनों शादी के बंधन में बंध गए। जितेंद्र 34 साल के हैं और उनकी कपड़े की दुकान है। वहीं, भारती मध्यप्रदेश के होशंगाबाद के ग्वालटोली में रहने वाले शंकरलाल यादव की बेटी हैं। जितेंद्र चार साल पहले रक्षाबंधन पर होशंगाबाद अपनी मौसी के घर गए थे और वहीं उन्होंने भारती को देखा था। भारती उनकी मौसेरी बहन पूजा तलरेजा की सहेली हैं। घर पर उनका आना-जाना था।

तब से उन्होंने भारती को अपनी जीवन साथी बनाने का सपना संजोए रखा था। सामाजिक बंधनों के कारण जितेंद्र चाहकर भी अपने दिल की बात परिवार वालों से नहीं कह पा रहे थे। आखिर में उन्होंने चाचा दयाराम बत्रा और बड़े भैया पवन को भारती के बारे में बताया। इसके बाद वे जितेंद्र के लिए रिश्ते की बात करने भारती के घर गए।

भारती के पिता शंकरलाल यादव बताते हैं कि दूसरे जाति से रिश्ते आने को वह भी एकाएक स्वीकार नहीं कर पा रहे थे। एक तरफ सामाजिक परिस्थितियां तो दूसरी तरफ उनकी बेटी का भविष्य था। आखिरकार अपनी बेटी की खुशी के लिए उन्होंने जितेंद्र के साथ रिश्ता तय करने का फैसला किया। यह बात अपने परिवार के सामने रखी और सभी ने उनका साथ भी दिया। बीते शुक्रवार को दोनों की धूमधाम से शादी हुई। दोनों परिवारों की ओर से रिश्तेदार और मित्र बड़ी तादाद में पहुंचे। एक-दूसरे का साथ पाकर भारती और जितेंद्र भी बेहद खुश हैं। जितेंद्र कहते हैं: छोटे कद को लेकर मेरे मन में कभी भी कोई कसक नहीं रही है।

No comments:

Post a Comment